Pages

Tuesday, April 28, 2026

विजयवर्गीय वैश्य और उनके अराध्य स्वामी रामचरण दास जी

विजयवर्गीय वैश्य और उनके अराध्य स्वामी रामचरण दास जी

विक्रम संवत 363 में खण्डेला नगर के महाराजा चौहान जाति के क्षत्रिय थे। उनके पुत्र का नाम जयन्तसिंह था। उनके मंत्री धर्मपाल नामक वैश्य धर्म प्रतिपालक थे। उनके चार पुत्र थे-सूण्डा, खाण्डा, महेश और बीजा। इन्हीं चार पुत्रों से पृथक पृथक चार जातियां बनीं। खाण्डा से खण्डेलवाल, सूण्डा से सरावगी, महेश से महेश्वरी एवं बीजा से बीजाबरगी। कहते हैं खण्डेला में धनपाल नाम से एक महाजन था। उसके चार बेटे सूण्डा, खण्डू, महेश और बीजा थे। सूण्डा से सरावगी, खण्डू से खण्डेलवाल और महेश से महेश्वरी हुए। रहा बीजा तो राजा के कुंवर, जिसको देश निकाला हुआ, उसके साथ बीजा रणथम्भोर गया। वहां गणेश जी के वरदान से कुंवर वहां का राजा हो गया और बीजा उसका प्रधान। बीजाबरगी उसकी संतान है। फिर जहां रणथम्भोर में तुरकाणी (तुरकवाणी) हुई तो बीजाबरगी वहां से दिल्ली वगैरह दूसरे स्थानों में चले गये और कुछ मारवाड़ के शहरों, नागौर और अजमेर आदि में भी जा बसे। इनकी कुल 172 खांपे हैं।

स्वामी श्री रामचरण जी महाराज का जीवन परिचय व योगदान :


प्रातः स्मरणीय स्वामी श्री रामचरण जी महाराज का जन्म विक्रम संवत 1776 सन् 1720 (24) फरवरी-1720) माघ शुक्ल चतुर्दशी शनिवार को बखतराम जी ग्राम बनवाड़ा में पूज्य शीला माता देऊजी की कोख से हुआ। दीक्षा के समय आपकी आयु 31 वर्ष 7 माह थी, ये विजयवर्गीय वैश्य थे। इनका बचपन का नाम रामकृष्ण था। जन्म के पश्चात हिन्दु परम्परा के अनुसार नामकरण के अवसर पर जन्म पत्रिका बनाई गई तो ज्योतिषियों ने कहा कि यह बालक सम्राट या योगेश्वर होगा। बचपन में ये हंसमुख व आकर्षक थे। ये स्वस्थ शरीर व कुशाग्र बुद्धि के धनी थे। इनका विवाह चांदसेन ग्राम के सम्पन्न परिवार की कन्या से हुआ था। यह जयपुर राज्य में महत्वपूर्ण पद पर सेवारत थे। अपने कार्यों के प्रति हमेशा निष्ठावान रहे। उनकी न्यायपरकता और निष्पक्षता से सभी लोग प्रभावित थे। 31 वर्ष की आयु में आपकी भेंट एक ज्योतिषी से हुई। उसने आपको देखकर आश्चर्य प्रकट किया कि आपको सम्राट या योगेश्वर होना चाहिए। इस घटना से कुछ दिन पूर्व उनके पिता की मृत्यू हुई थी इससे वे व्यथित थे। उन पर ज्योतिषी की बात का विशेष प्रभाव हुआ। उसी समय से वे सांसारिक बातों से उदासीन होने लगे तथा सन्यास ग्रहण कर लिया। जिस दिन ज्योतिषी ने यह बात बताई उसी रात्रि को उन्होंने स्वप्न मे देखा कि वे ज्यों ही नदी में स्नान को उतरे उनका पैर फिसल गया और तेज धार में बहने लगे। उसी समय एक श्वेत वस्त्रधारी वृद्ध साधू ने उन्हें हाथ पकड़कर उस धार से बाहर निकाल लिया। इसी समय स्वप्न भंग हो गया। देखा तो वहां कुछ नहीं दिखा। इस घटना का उन पर गहरा प्रभाव हुआ। वे अपनी राजकीय सेवाएं घर बार सब कुछ छोड़कर स्वप्न का रहस्य जानने निकल पड़े। चलते चलते ये शाहपुरा आये वहां पता चला कि उनके स्वप्न के अनुरूप संत ग्राम दोतड़ा में निवास करते है। इस जानकारी से उन्हें अति आनन्द हुआ और वे संत दर्शन के लिए बेताब हो उठे और दोतड़ा की और चल दिये। उस समय दोतड़ा में स्वामी संतराम जी के शिष्य स्वामी कृपाराम जी निवास करते थे। स्वामी रामकृष्ण जी ने अपने आप को इनके चरणों में समर्पित कर दिया। इन्होंने अपने मन की सारी व्यथा उनके सामने रख दी। श्री कृपाराम जी ने योग्य जानकर अपने पास रहने की अनुमति प्रदान कर दी और बाद में अपना शिष्य बनाया। श्री कृपाराम जी ने उनकी हर तरह की परीक्षा के पश्चात विक्रम संवत 1808 भाद्रपद शुक्ल 7 गुरूवार को राममंत्र की दीक्षा देकर दीक्षित किया और उनका नाम रामकृष्ण से रामचरण रख दिया। उस समय इनकी आयु 31 वर्ष थी।

दीक्षा प्राप्ति के बाद स्वामी रामचरण जी गुरू की आज्ञा से 7 वर्ष तक गुदड़वेश साधना करते रहे। इसके पश्चात गलता मेले में गुरू आज्ञा से गुदड़वेश त्याग कर साधना में रत हुए। उस समय इनके मन में वृंदावन दर्शन की इच्छा थी। गुरू की आज्ञा प्राप्त कर वृन्दावन की और चले। रास्ते में अचानक उनको संत दर्शन हुद और उन्होंने मंत्र जाप की आज्ञा दी और अन्र्तध्यान हो गये। इस घटना से रामचरण जी अचंभित हुए और वृन्दावन का विचार त्याग वापस जयपुर आकर साधना करने लगे वहां उनको गुरू कृपाराम जी के दर्शन हुए। उन्होंने रास्ते की घटना अपने गुरू से निवेदन की। गुरूदेव कृपाराम जी ने उन्हें राम नाम की साधना का आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात कुछ समय तक जयपुर में साधना की। दो वर्ष जयपुर में साधना के पश्चात भीलवाड़ा गये वहां मायानन्द जी की बावड़ी को अपना साधना स्थल बनाया। उस काल में राजस्थान में मूर्ति पूजा व बाह्य आडम्बर का जोर था इनकी निवृत्ति मार्ग की साधना से कई लोग रूष्ट थे। एक रात्रि को श्री रामचरण जी को विष दिया गया किन्तु उन पर कोई असर नहीं हुआ स्वामी जी ने भी व्रत ले लिया। विरोधियों ने एक भील को प्रलोभन देकर स्वामी को मरवाने का यत्न किया। भील तलवार लेकर जब साधना स्थल पर गया तो आसन पर स्वामी जी के दर्शन नहीं हुए वह भयभीत हो गया फिर उसे वहां अग्नि पुंज के दर्शन हुए और उसमें स्वामी जी के दर्शन हुए। वह भयभीत होकर स्वामी जी के चरणों में गिर गया। कुछ लोगों ने उदयपुर महाराणा से यह शिकायत की कि स्वामी रामचरण जी धर्म को नष्ट कर रहे हैं। उदयपुर महाराणा ने जानकारी हेतु एक अधिकारी स्वामी जी के पास भेजा इससे उनका मन उद्विग्न हो गया और वे भीलवाड़ा छोड़कर कुहाड़ा चले गये। लोगों ने रोकने की बहुत कोशिश की किन्तु उन्होंने समझाकर लोगों को स्वामी जी को साधना करते हुए भीलवाड़ा में कई वर्ष हो गये। गृहस्थ शिष्य विरक्त होने लगे। स्वामी जी के इस प्रयास को कई लोग सहन नहीं कर पाये और उनके प्राण लेने का यत्न करने लगे वापस भेज दिया। कुहाड़ा आकर वे साधनारत हो गये। इधर लोगों ने उदयपुर महाराणा को वास्तविकता से अवगत करवाया। महाराणा ने पश्चाताप किया और संतों के सम्मान में 300 पगड़ी व शाल भेंट की। लोगों के आग्रह पर पुनः भीलवाड़ा पधारे वहां उन्होंने साधना कर शब्द योग का ज्ञान प्राप्त किया। इसी बीच शाहपुरा के राजा ने उन्हें शाहपुरा पधारने का आमंत्रण दिया।

भीलवाड़ा में संवत 1817 में आपने रामस्नेही सम्प्रदाय की स्थापना की। वहां रहते हुए उन्होंने अपनी वाणी की रचना की, अपने शिष्य रामचरण की इस साधना व सफलता से उनके गुरू कृपाराम जी अत्यन्त प्रसन्न हुए। उन्होंने अणभै वाणी मंगवाकर स्वयं देखा उसे सुना और कहा कि यह संतोषी गृहस्थों का अमूल्य धन है। संवत 1826 में स्वामी जी शाहपुरा पधारे वहां के राजा व प्रजा ने आपका भव्य स्वागत किया। स्वामी जी ने अपनी साधना स्थली वहां श्मशान को बनाया। वहीं रहकर साधना करने लगे राज्य की और से वहां एक छतरी का निर्माण कराया गया।

स्वामी जी हर एक मानव को एक समान मानते थे। वे राजा रंक में भेद नहीं करते थे। शाहपुरा में आपके शिष्यों की संख्या 225 हो गई थी। इसके पश्चात स्वामी जी ने अपनी सम्पूर्ण जीवन साधना शाहपुरा में ही रहकर की। दीक्षा के बाद में 12 वर्ष तक भक्ति साधना की। चार चौकियां पार कर भीलवाड़ा में स्वामी जी की आध्यात्मिक अनुभूतियां मुखरित हुई तथा अनुभव वाणी खुली। आपके सैकड़ों भक्त व शिष्य बनने लगे। सन् 1761 में राम स्नेही भक्तों ने विचार कर भीलवाड़ा में सरकार से 12 बीघा पक्की भूमि खरीदकर राम द्वारा भवन निर्माण करवाया। स्वामी जी तब भीलवाड़ा में विराज रहे थे तब सभी भक्तों ने धर्म प्रचार के उद्देश्य से एक प्रसिद्ध वार्षिक उत्सव फूल डोल, होली पर मनाने का विचार किया जो आज तक भी मनाया जाता है। स्वामी जी ने 78 वर्ष 2 माह 7

दिन की आयु में इहलीला का संवरण राम नाम अमृत का पान करते हुए बैसाख कृष्ण 5, गुरूवार, 5 अप्रैल 1788 में राम की आवाज करके ब्रह्मलीन हुए। लेकिन शरीर त्याग के पश्चात भी आपके होंठ हिलते रहे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि स्वामी जी महाराज राम नाम का स्मरण कर रहे हैं। राजस्थान वीरों की भूमि के साथ-साथ संतों की भूति भी रही है। इसी परम्परा में तत्कालिक परिस्थितियों के अनुकूल स्वामी रामचरण जी ने अपने आराध्य राम के नाम पर रामस्नेही सम्प्रदाय की स्थापना की जो प्राणी मात्र से रमते राम सा स्नेह करते हैं। इसी भावना से ही उन्होंने सम्प्रदाय का नाम रामस्नेही रखा।

उन्होंने अपने साधना अनुभवों का अमूल्य संकलन अणभै वाणी ग्रंथ में किया। जिसमें 36397 पद हैं। इस ग्रन्थ में दोहा, चन्द्रायण काव्य कवि, कण्डल्या राग रखता आदि है। इसमें 24 ग्रन्थों का संकलन है इसकी हस्तलिखित प्रति आज भी शाहपुरा धाम में सुरक्षित है। स्वामी रामचरण जी महाराज अपने काल के अद्वितीय संत हुए। उन्होंने उस अराजक काल में एक नया संदेश देकर लोगों में उत्साह जागृत किया। जाति-पाति के भेद को मिटाकर सभी को राम मंत्र की दीक्षा दी। शाहपुरा मुख्य स्थान के रूप में जाना जाता है। धर्म के आडम्बर जादू टोटके की रूढ़िवादिता समाप्त कर सही मार्ग प्रशस्त किया। हमारा देश और देशवासी हमेशा महापुरूषों के ऋणी रहेंगे, जिन्होंने साधनामय जीवन व्यतीत कर अपने आपको राष्ट्र, संस्कृति, समाज व मानव मात्र के लिए समर्पित कर दिया। समाज को सही मार्ग बताया। सभी प्रकार के कष्ट सहकर धर्म की रक्षा की। उनके जयन्ती उत्सव के अवसर पर शत-शत नमन! परम प्रभु से यह प्रार्थना करते हैं कि हम सत महापुरूषों के बताये आदेश आचरण पर चलकर अपना जीवन सफल करें। विजयवर्गीय समाज का यह परम सौभाग्य है, जो ऐसे महापुरूष ने जन्म लेकर जाति को गौरवान्वित किया। हम उनके आदेशों का पालन करते हुए अपने को कृतार्थ कर सकेंगे। यह जाति हमेशा उनकी ऋणी रहेगी।

No comments:

Post a Comment

हमारा वैश्य समाज के पाठक और टिप्पणीकार के रुप में आपका स्वागत है! आपके सुझावों से हमें प्रोत्साहन मिलता है कृपया ध्यान रखें: अपनी राय देते समय किसी प्रकार के अभद्र शब्द, भाषा का प्रयॊग न करें।